Love Brain Disorder : प्यार में जुनूनी होना आम है, पर अगर यह जुनून आपके लिए और आपके प्यार के लिए घातक बन जाए तो सोचने की बात है। दरअसल, हाल ही में एक ऐसा ही मामला देखने को मिला है, जिसने मेडिकल दुनिया में एक नई बहस छेड़ दी है। बता दें कि मामला चीन का है, जहां एक 18 साल की लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को एक दिन में 100 से अधिक कॉल किए और फिर बात इतनी बिगड़ गई कि उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे ‘लव ब्रेन डिसऑर्डर’ (Love Brain Disorder) से पीड़ित बता दिया, जिसके बाद यह समस्या चर्चा का विषय बन गई।
चीन में 18 साल की एक लड़की अपने प्रेमी को दिन भर में 100 से अधिक बार कॉल करती थी। उसे ‘Love Brain Disorder’ से पीड़ित पाया गया है। जियाओयू (बदला हुआ नाम) नाम की इस लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह प्रेमी के प्रति इतनी जुनूनी हो गई कि उसके मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ा है। डॉक्टरों का मानना है कि वह बॉर्डरलाइन पर्सनैलिटी डिसऑर्डर से पीड़ित हो सकती है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी चीन के सिचुआन प्रांत की रहने वाली जियाओयू इतनी जुनूनी हो गई कि उसके प्रेमी का जीवन दुखमय हो गया। चेंग्दू के द फोर्थ पीपुल्स हॉस्पिटल के एक डॉक्टर डू ना ने कहा कि ज़ियाओयू का चिंताजनक व्यवहार उसके विश्वविद्यालय के पहले वर्ष में शुरू हुआ। इसके बाद दोनों के घनिष्ठ संबंध हो गए।
जियाओयू अपने प्रेमी पर निर्भर हो गई और हर समय उसे कॉल करने लगी। वह उससे ना केवल ये पूछती रहती है कि वह अभी कहाँ है और क्या कर रहा है, बल्कि वह यह भी चाहती थी कि उसका प्रेमी दिन और रात उसके कॉल को पिक करे और उसके संदेशों का जवाब दे। इससे उसका प्रेमी जल्द ही असहज और दबा हुआ महसूस करने लगा।
एक वायरल वीडियो क्लिप में ज़ियाओयू अपने प्रेमी को बार-बार अपना सोशल मीडिया ऐप वीचैट कैमरा चालू करने के लिए मैसेज करती दिख रही है। जब उसका प्रेमी जवाब नहीं देता फिर भी वह उसे वीडियो कॉल करती है, जिसे वह नजरअंदाज कर देता है। एक दिन उसने अपने प्रेमी को 100 से अधिक बार फोन किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
इससे वह इतनी परेशान और गुस्सा हो गई कि उसने घरेलू सामान को में तोड़-फोड़ और उसे इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। उसने अपनी बालकनी से कूदने की धमकी दी तो उसके प्रेमी ने पुलिस को कॉल करके इसकी जानकारी दी। इसके बाद ज़ियाओयू को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसमें बॉर्डरलाइन पर्सनालिटी डिसऑर्डर का पता चला। इस डिसऑर्डर को बोलचाल की भाषा में ‘लव ब्रेन’ कहा जाता है।
क्यों होता है ‘Love Brain Disorder’?
डॉक्टर डू ने कहा कि यह स्थिति चिंता, अवसाद और द्विध्रुवी विकार जैसी दूसरी मानसिक बीमारियों के साथ भी हो सकती है। डू ने ज़ियाओयू की बीमारी के कारण का खुलासा नहीं किया, लेकिन कहा है कि यह अक्सर उन लोगों में होता है, जिनके बचपन के दौरान अपने माता-पिता के साथ स्वस्थ संबंध नहीं होते हैं।
क्या है ‘Love Brain Disorder’?
कुल मिलाकर देखा जाए तो यह एक असामान्य मानसिक स्थिति है। इसमें व्यक्ति के दिलो और दिमाग पर प्यार का जुनून इस कदर हावी हो जाता है कि उसके लिए अच्छे और बुरे का फर्क ही खत्म हो जाता है। व्यक्ति विशेष के प्रति उसकी आसक्ति इतनी बढ़ जाती है कि उसे खुद का भी ख्याल नहीं रहता है। ऐसे में व्यक्ति हर पल अपने चाहने वाले के पास रहना चाहता है, भले ही यह व्यवहारिक रूप से संभव न हो।
Love Brain Disorder : डॉक्टर का कहना है कि इस बीमारी के हल्के रूप वाले लोगों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है। वे अपनी भावनाओं को नियंत्रित करना सीखकर अपने आप ठीक हो सकते हैं। हालाँकि, इसके गंभीर लक्षणों वाले पीड़ितों को चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होगी। जियाओयू की ये कहानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही है।
क्या है ‘Love Brain Disorder’ का उपचार?
‘Love Brain Disorder’ एक तरह की मानसिक समस्या है, इसलिए इसके उपचार में मनोचिकित्सा ही प्रभावी होती है। इसके लिए मनोचिकित्सक, पीड़ित व्यक्ति की काउंसलिंग कर उसे इस समस्या से निकालने की कोशिश करते हैं। यह काउंसलिंग असल में पीड़ित के लिए एक थेरेपी (talking therapy) का काम करती है। इसमें मनोचिकित्सक पीड़ित व्यक्ति से समस्या की वजह जानकर उसका हल निकालने की कोशिश करते हैं। ऐसी स्थिति में भावनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए तकनीक (emotional management techniques) भी अपनाई जाती है, ताकि पीड़ित व्यक्ति का व्यवहार सामान्य हो सके।
बता दें कि एक तरफ वहाँ के युवाओं, खासकर लड़कियों में ‘Love Brain Disorder’ के गंभीर लक्षण सामने आ रहे हैं, वहीं इसके पीड़ितों को सलाह देने का काम करने वाले उद्योग में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। ये कंपनियाँ लव ब्रेन से पीड़ित लड़के-लड़कियों को डाँटने और साँत्वना देने के लिए साथी प्रदान करता है।